जर्जर बिजली तार से बढ़ी परेशानी, कई वार्डों में एक सप्ताह से बाधित है बिजली आपूर्ति

Jun 30, 2026 - 22:10
 0  1
जर्जर बिजली तार से बढ़ी परेशानी, कई वार्डों में एक सप्ताह से बाधित है बिजली आपूर्ति
जर्जर बिजली तार से बढ़ी परेशानी, कई वार्डों में एक सप्ताह से बाधित है बिजली आपूर्ति

रुपौली (पूर्णिया)। रुपौली प्रखंड के भिखना पंचायत अंतर्गत बाँकी गांव में जर्जर बिजली तार के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के वार्ड संख्या 10, 11 एवं 13 में बिजली के पुराने और जर्जर तार कभी गलकर जमीन पर गिर जाते हैं तो कभी बार-बार फ्यूज उड़ने से बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से करीब 250 उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली नहीं मिल पा रही है। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई जगहों पर तार इतने पुराने हो चुके हैं कि वे गलकर नीचे गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है।स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली मरम्मत को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सरकारी मिस्त्री की नियुक्ति होने के बावजूद वे क्षेत्र में नजर नहीं आते हैं, जिसके कारण लोगों को निजी मिस्त्रियों के सहारे काम कराना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) आदित्य कुमार को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन दिया जा रहा है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द जर्जर तारों को बदला नहीं गया और बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वे प्रखंड मुख्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

वहीं, भिखना पंचायत की मुखिया गुलशन खातून के प्रतिनिधि मासूम अहमद ने भी बिजली विभाग से अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में ग्रामीणों को नियमित बिजली उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने जर्जर तारों को बदलकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0